आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में चिन्ना तिरुपति मंदिर हादसा — नौ श्रद्धालुओं की मौत, उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा शोक

SHARE:

दिनांक: 1 नवम्बर 2025 | श्रीकाकुलम / नई दिल्ली / लखनऊ

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा कस्बे में स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (चिन्ना तिरुपति) में शनिवार सुबह दर्शन के दौरान मची भगदड़ में कम से कम नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में आठ महिलाएं और एक 13 वर्षीय बालक शामिल हैं।आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 11:45 बजे उस समय हुई जब करीब 15,000 श्रद्धालु एकादशी दर्शन के लिए हाल ही में बने मंदिर में एकत्र हुए थे, जिसका उद्घाटन मात्र चार महीने पहले हुआ था।

घटना के समय मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ मौजूद थी। अचानक अफरातफरी मचने से भगदड़ की स्थिति बन गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

राज्य सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

इस दर्दनाक घटना पर देशभर में शोक व्यक्त किया जा रहा है।

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा —

“श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुखद भगदड़ से मुझे गहरा दुःख हुआ है।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं की जान जाना अत्यंत पीड़ादायक है।

शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने संदेश में कहा —

“श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर, श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश) में हुई दुखद घटना अत्यंत हृदयविदारक है।

मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

भगवान वेंकटेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।”

मंदिर प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के लिए एक समिति गठित की है। फिलहाल मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

✍️ संपादक: मज़ाहिर हसन

UP24.in

UP 24.in
Author: UP 24.in

News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई